*वैश्विक अर्थव्यवस्था में सेंध: पूर्व-पश्चिम के बीच पूर्ण आर्थिक अलगाव से 6.9 ट्रिलियन डॉलर की GDP गायब होने की WEF की चेतावनी*/रिपोर्ट स्पर्श देसाई
*वैश्विक अर्थव्यवस्था में सेंध: पूर्व-पश्चिम के बीच पूर्ण आर्थिक अलगाव से 6.9 ट्रिलियन डॉलर की GDP गायब होने की WEF की चेतावनी*/रिपोर्ट स्पर्श देसाई
(मुंबई/रिपोर्ट स्पर्श देसाई)वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) ने एक गंभीर आकलन में कहा है कि यदि पूर्वी और पश्चिमी देशों के बीच भू-आर्थिक विखंडन चरम पर पहुँच गया तो वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) से 6.9 ट्रिलियन डॉलर तक की राशि समाप्त हो सकती है। फोरम की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार बढ़ते व्यापार प्रतिबंध,वित्तीय पाबंदियाँ और तकनीकी हस्तांतरण पर रोक पहले ही वैश्विक आर्थिक वृद्धि को प्रभावित कर रही है और सबसे बड़ी चोट उभरती अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ने की आशंका है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रमुख शक्तियों के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक व्यापार को सुरक्षा और रणनीतिक प्राथमिकताओं के आधार पर बाँटना शुरू कर दिया है। पश्चिमी देशों द्वारा आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने और मित्र-देशों पर केन्द्रित ‘'फ्रेंडशोरिंग’' को अपनाने से एक खंडित आर्थिक ढाँचा उभर रहा है। यदि यह अलगाव सम्पूर्ण रूप ले लेता है तो विश्व अर्थव्यवस्था दो प्रतिद्वन्द्वी गुटों में बँट सकती है । जिससे वैश्विक GDP का लगभग 7 प्रतिशत तक नुकसान होने का अनुमान है। WEF के विशेषज्ञों का मानना है कि इस आर्थिक विभाजन की मार सबसे अधिक निम्न और मध्यम आय वाले देशों को सहनी होगी। ये देश वैश्विक मूल्य शृंखलाओं पर अत्यधिक निर्भर हैं और व्यापार तथा निवेश के सिकुड़ते प्रवाह से इनकी निर्यात आय, रोज़गार सृजन और तकनीकी उन्नति बुरी तरह प्रभावित होगी। रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि पहले से कर्ज़ में डूबी कई उभरती अर्थव्यवस्थाएँ इस झटके से दीर्घकालिक गरीबी और अस्थिरता के चक्र में धँस सकती हैं। भू-आर्थिक तनावों का असर अब केवल वृहद आँकड़ों तक सीमित नहीं रहा है। WEF के अनुसार सीमा पार निवेश,आपूर्ति शृंखला स्थानांतरण और रोज़गार सृजन से जुड़े कारोबारी फैसले तेज़ी से राजनीतिक संरेखणों से प्रभावित हो रहे हैं। कम्पनियाँ लागत-दक्षता के बजाय भू-राजनीतिक सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं। जिससे वैश्विक उत्पादन लागत बढ़ रही है और नवाचार की रफ्तार धीमी हो रही है। फोरम ने नीति-निर्माताओं से विखंडन को सीमित रखने और खुले नियम-आधारित व्यापार ढाँचे की पुनर्प्रतिबद्धता की अपील की है ताकि 6.9 ट्रिलियन डॉलर की इस भारी आर्थिक क्षति को रोका जा सके। (Photos Courtesy Social media)
~ब्यूरो रिपोर्ट स्पर्श देसाई √•Metro City Post• Digital World• #WEFEconomicFragmentation #वैश्विकGDPसंकट #GeoEconomics #आर्थिकअलगाव# TradeWarImpact #SupplyChainShifts #उभरतीअर्थव्यवस्थाएं #GlobalRecessionRisk#निवेशऔरनौकरियां #FriendShoringDebate

Comments